त्यौहारों के दौरान रखे पर्याप्त जलापूर्तिलीकेज और नियमित जलापूर्ति रहे सर्वोच्च प्राथमिकता- श्री देवनानीविधानसभा अध्यक्ष ने ली जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक270 करोड़ रूपये की पेयजल परियोजना और अमृत 2.0 योजना की प्रगति की ली समीक्षा
जयपुर, 27 सितम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग को निर्देश दिए है कि त्यौहारों के मध्यनजर अजमेर शहर में पर्याप्त जलापूर्ति सुनश्चित करें। विभाग लीकेज, मरम्मत, नियमित अंतराल में प्रेशर से जलापूर्ति को पूरी गंभीरता से ले। उन्होंने जयपुर में वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर अमृत 2.0 योजना के प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी दिलाने की निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर जलदाय विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बजट घोषणा के तहत स्वीकृत लगभग 270 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना तथा अमृत-2.0 योजना के कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं। श्री देवनानी ने जयपुर में वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर अमृत-2.0 योजना के प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी दिलाने के निर्देश भी दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अजमेर शहर में नियमित रूप से 48 घंटे के अंतराल पर स्वच्छ पेयजल पर्याप्त प्रेशर के साथ उपलब्ध कराया जाए। जलापूर्ति व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग हो तथा जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज अथवा तकनीकी समस्या है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने माकड़वाली, लोहागल एवं काजीपुरा क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वार्ड 75 स्थित यूआईटी कॉलोनी में घरों में जल भंडारण की समस्या को देखते हुए निर्धारित समय पर नियमित जलापूर्ति करने के निर्देश दिए गए। खटोला पोल, धी मंडी सहित अन्य क्षेत्रों मेें पुराने सीमेंटेड पाइपों के कारण गंदे पानी की शिकायत वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने बैठक में बजट घोषणा 2024-25 के अंतर्गत नसीराबाद पंप हाउस से नौसर घाटी/कोटड़ा क्षेत्र तक पाइपलाइन बिछाने, सर्विस रिजर्वायर निर्माण तथा नसीराबाद में प्रगतिरत पंपिंग सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की गई। श्री देवनानी ने कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके तहत लोहागल में 35 एमएल, कोटड़ा में 30 एमएल तथा पृथ्वीराज नगर में 5 एमएल क्षमता के सर्विस रिजर्वायर निर्माण कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए।
श्री देवनानी ने अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री देवनानी ने निम्न कार्यों को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वरुण सागर में 5 एमएलडी क्षमता के नवीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, छतरी योजना में 700 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, पंचशील ए ब्लॉक में 500 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, ज्ञान विहार में 500 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण, वरुण सागर में 500 केएल क्षमता के स्वच्छ जलाशय का निर्माण, करणी नगर एवं कीर्ति नगर में 300 केएल क्षमता के नवीन उच्च जलाशय का निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने के प्राप्त प्रस्तावों पर विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में ट्यूबवेल एवं हैण्डपंप से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। श्री देवनानी ने खराब हैण्डपंपों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।